31/07/2024
*प्रेमचंद्र की कहानी पूस की रात का मंचन*
मुंशी प्रेमचंद की एक सौ चवालीस वीं जंयती के शुभ अवसर पर स्थानीय नाट्य संस्था पाहुना लोकजन समिति के वरिष्ठ रंगकर्मी व कुशल अभिनेता संदीप श्रीवास्तव के निर्देशन में, मुंशी प्रेमचंद जी की प्रसिद्ध कहानी "पूस की रात" का मंचन टीकमगढ़ नगर के पी.जी. कॉलेज़ के विवेकानंद सभागार में किया गया।
जिसमें हलकू किसान की भूमिका बृज किशोर नामदेव, पत्नी की भूमिका फ़िज़ा रंगरेज़, बेटी की भूमिका किनाया नाग, साहूकार की भूमिका राजेश विश्वकर्मा तथा जबरा कुत्ता की भूमिका स्वयं निर्देशक संदीप श्रीवास्तव ने निभाई। नाट्यप्रस्तुति के पार्श्व मंच में सहयोगी थे कुलदीपक शर्मा, मानस जैन और प्रसून तिवारी।
पाहुना नाट्य संस्था, विगत कई वर्षों से कथा सम्राट प्रेमचंद की जयंती पर उनकी एक कहानी के मंचन करने की परंपरा का निर्वाहन कर रही है। जिसका मूल उद्देश्य क्षेत्रीय साहित्कारों और छात्र-छात्राओं को रंगमंचीय गतिविधियों में भागीदार बनाना है। पाहुना संस्था रंगकर्म के साथ -साथ स्थानीय विद्यालयों व महाविद्यालयों से जुड़कर क्षेत्रीय कला प्रतिभाओं को कला-संस्कृति से जोड़ना एवं उन्हें रंगमंच का निशुल्क प्रशिक्षण व राज्य व राष्ट्रीय स्तर के मंच प्रदान करना है। जिससे उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास हो और उनकी नैसर्गिक प्रतिभा को पंख व पहचान मिले।
ज्ञात हो हाल ही में पाहुना नाट्य संस्था से सोनिका नामदेव का राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नई दिल्ली में चयन हुआ है। जो नगर के एक बड़ी उपलब्धि है, और पिछले वर्ष एकता प्राची चौरसिया का मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय, भोपाल के लिए चयन हुआ था। इन दोनों युवा महिला रंगकर्मियों न सिर्फ़ पाहुना नाट्य संस्था का बल्कि टीकमगढ़ नगर के साथ-साथ पूरे बुंदेलखंड को गौरवान्वित किया है।
प्रेमचंद जयंती कार्यक्रम में इस बार मध्यप्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन की जिला इकाई टीकमगढ़ ने सहयोग प्रदान किया।
पाहुना नाट्य संस्था के संस्थापक संजय श्रीवास्तव ने मध्यप्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन की ज़िला इकाई की अध्यक्षा श्री मति विनीता शम्मी नाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी नगर के समस्त साहित्यकार, संस्कृतिकर्मी व रंगकर्मी सब मिलकर क्षेत्र में स्वस्थ सांस्कृतिक व साहित्यिक वातावरण बनाने में समय-समय पर मिलजुलकर अपना योगदान देते रहेंगे। तथा नवोदित प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते रहेंगे।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन की जिला इकाई टीकमगढ़ की अध्यक्षा श्रीमती विनीता शम्मी नाग, पी.जी.कॉलेज़ के प्रिंसिपल श्री इंद्रजीत जैन, पाहुना संस्था के संरक्षक श्री फूलचंद जैन, वरिष्ठ साहित्यकार श्री शीलचंद जैन, श्री प्रभु दयाल श्रीवास्तव, श्री रामगोपाल रैकवार, श्री वीरेंद्र चंसौरिया एवं युवा कवि रविन्द्र यादव ने साहित्य जगत से उपस्थित रहे, इसके अलावा महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक गण, कर्मचारी छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे। आज के आयोजन का मंच संचालन मनमोहक अंदाज़ में विनीता जी ने स्वयं किया।
मंचन के बाद प्रिंसिपल श्री इंद्रजीत जैन ने पाहुना नाट्य संस्था के सभी कलाकारों का तथा सभागार में उपस्थित सभी दर्शकों का आभार व्यक्त किया।