23/03/2026
“जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” थीम के अंतर्गत जनपद पिथौरागढ़ के रामलीला मैदान में आज एक भव्य, सुव्यवस्थित एवं बहुआयामी कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश सरकार के चार वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाना तथा लाभार्थियों को योजनाओं से सीधे जोड़ना रहा।
फूलदेई नाट्य दल समिति द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई ।।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई द्वारा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी एवं स्टॉलों के निरीक्षण के साथ हुआ। इस दौरान कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, उद्योग, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी आमजन को दी गई। अधिकारियों ने उपस्थित जनसमूह को योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी अवगत कराया।
तत्पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि अध्यक्ष जिला पंचायत जितेंद्र प्रसाद एवं जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। मंच संचालन के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों, छात्र-छात्राओं एवं सांस्कृतिक दलों द्वारा लोकनृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थानीय संस्कृति, परंपरा एवं जनजागरूकता से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया
।
कलाकार - दिनेश , प्रदीप ,साक्षी ,विशाल, नेहा, रोमी ।