24/09/2026
अमिताभ बच्चन बने थे मुश्ताक़ खान के लिए मसीहा। क्या आप जानते हैं मित्रों? मुश्ताक ख़ान को मुंबई में उनका पहला घर किसने दिलाया था? वैल, यस। अमिताभ बच्चन साहब ने। जब सलमा खान से मुश्ताक़ खान की शादी हुई थी तब उनके पास अपना खुद का घर नहीं था। और मुश्ताक़ परेशान थे इस बात को लेकर।
इत्तेफ़ाक से उन दिनों महाराष्ट्र में फ़िल्म व थिएटर कलाकारों को सस्ते घर मुहैया कराने के लिए एक सरकारी स्कीम चलती थी। उसे आर्टिस्ट कोटा कहते थे। और स्टेट के मुख्यमंत्री उस कोटे को अलॉट करते थे। उस स्कीम की खूबी ये थी कि अगर किसी घर की कीमत दस लाख रुपए है, तो मुख्यमंत्री के आर्टिस्ट कोटा के थ्रू रिकमेंड करने पर वही घर कलाकार को मात्र एक लाख रुपए में मिल जाता था।
जब मुश्ताक़ खान की शादी हुई थी तब वो अमिताभ बच्चन के साथ एक फ़िल्म की शूटिंग भी कर रहे थे। और इत्तेफ़ाक से उन दिनों अमिताभ बच्चन सांसद भी थे। एक दिन मुश्ताक़ अपनी पत्नी सलमा को भी शूटिंग पर ले गए। मुश्ताक़ ने बच्चन साहब से अपनी पत्नी को मिलाया। बच्चन साहब ने भी दोनों को बधाई दी और पूछा कि कोई परेशानी तो नहीं है?
ये सुनकर मुश्ताक़ खान बोले,"सर, एक समस्या है। और बड़ी समस्या है।" फिर मुश्ताक़ खान ने अमिताभ बच्चन को बताया कि कैसे उनके पास घर नहीं है। इसलिए पत्नी के साथ वो किराए के घर में रहने को मजबूर हैं। मुश्ताक़ खान की पूरी बात सुनने के बाद अमिताभ बच्चन बोले,"कोई टेंशन की बात नहीं हैं। आप एक चिट्ठी मुझे लिखिए। फिर मैं आपको एक लेटर दूंगा। आप शरद पवार को वो लेटर दे दीजिएगा।"
मुश्ताक़ खान जी ने बताया था कि उन्हें यकीन नहीं था कि बच्चन साहब इतना जल्दी उनका काम करा देंगे। लेकिन तीन दिन बाद ही बच्चन साहब के ऑफ़िस से उन्हें वो लेटर मिल गया। NDTV की एक रिपोर्ट के अनुसार, मुश्ताक़ खान ने वो लेटर शरद पवार तक पहुंचा दिया। और साथियों इस तरह अमिताभ बच्चन की मदद से मुश्ताक़ खान को मुंबई में उनका पहला घर मिला।
मुश्ताक़ खान आज ये दुनिया छोड़कर चले गए। कैंसर ने उनकी जान ले ली। मुश्ताक़ खान जी को क़िस्सा टीवी श्रद्धांजलि अर्पित करता है।