22/09/2026
अखिलेश यादव की छवि धूमिल करने की कोशिश: फर्जी फेसबुक आईडी के खिलाफ यूपी पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग, सपा कार्यकर्ताओं ने दी आंदोलन की चेतावनी
जौनपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने और फर्जी फेसबुक आईडी संचालित करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड (जौनपुर) के प्रमुख जिला महासचिव अजहर रहमान ने यूपी पुलिस और जौनपुर पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
अजहर रहमान के अनुसार, एक फर्जी फेसबुक पेज के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की छवि को धूमिल करने की नीयत से भ्रामक और घृणित सामग्री साझा की जा रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव न केवल राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं, बल्कि वर्तमान में सांसद और देश की तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। ऐसे में उनके खिलाफ की जा रही इस तरह की गतिविधियां बेहद आपत्तिजनक हैं।
सपा नेता ने पुलिस प्रशासन (DGP UP और जौनपुर पुलिस) से मांग की है कि इस फर्जी आईडी के संचालक की पहचान कर उसके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए और उसे शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि इस मामले में जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतरकर व्यापक विरोध प्रदर्शन करेंगे।