05/08/2026
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की कार्यशाला में पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता इश्तियाक खान, छह दिनों तक देंगे विशेष प्रशिक्षण
जोधपुर। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD), नई दिल्ली के एक्सटेंशन प्रोग्राम के अंतर्गत अभिनय गुरुकुल कल्चरल एजुकेशनल सोसायटी द्वारा आयोजित प्रोडक्शन ओरिएंटेड थिएटर वर्कशॉप में रविवार को बॉलीवुड अभिनेता एवं NSD के पूर्व छात्र इश्तियाक खान का जोधपुर आगमन हुआ। वे दोपहर 1 बजे मुंबई से जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका स्वागत अभिनय गुरुकुल के अध्यक्ष रवि व्यास एवं कार्यशाला समन्वयक कृष्णकांत व्यास ने किया।
कार्यशाला निदेशक स्वाति व्यास ने बताया कि इश्तियाक खान आगामी 7 अगस्त तक जोधपुर में रहकर प्रतिभागियों को अभिनय, रंग-संगीत, चरित्र निर्माण तथा रंगमंच की व्यावहारिक बारीकियों का प्रशिक्षण देंगे।
इश्तियाक खान राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के स्नातक हैं तथा हिंदी सिनेमा, टेलीविजन और रंगमंच के एक प्रतिष्ठित कलाकार के रूप में पहचान रखते हैं। उन्होंने जॉली एलएलबी, तमाशा, अनारकली ऑफ आरा, भारत, लूडो, जनहित में जारी सहित अनेक चर्चित फिल्मों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। रंगमंच से उनका जुड़ाव आज भी उतना ही मजबूत है और वे निरंतर युवा कलाकारों के प्रशिक्षण से जुड़े रहते हैं।
उल्लेखनीय है कि 15 जुलाई से प्रारंभ हुई इस एक माह की कार्यशाला में अब तक प्रतिभागियों को छऊ, बॉडी लैंग्वेज, डिक्शन, वॉइस एंड स्पीच तथा अभिनय की मूलभूत तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इन सत्रों में जोधपुर के वरिष्ठ रंगकर्मियों के साथ-साथ दिल्ली से आए विशेषज्ञों ने भी मार्गदर्शन प्रदान किया है।
राजस्थान के विभिन्न जिलों के अलावा महाराष्ट्र, हरियाणा, मध्यप्रदेश एवं अन्य राज्यों से आए प्रतिभागी इस कार्यशाला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इश्तियाक खान का आगमन कार्यशाला के प्रतिभागियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है, क्योंकि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित अभिनेता से सीधे सीखने और संवाद करने का अवसर मिलेगा।
कार्यशाला का समापन 14 अगस्त को प्रतिभागियों की अंतिम नाट्य प्रस्तुति के साथ किया जाएगा।