20/05/2026
*सुप्रीम कोर्ट के फैसले से NTPC को झटका, किसानों को मिलेगा बढ़ा मुआवजा*
नई दिल्ली/झारखंड: भूमि अधिग्रहण और मुआवजे को लेकर चल रहे लंबे विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए किसानों के पक्ष को मजबूत किया है। अदालत ने झारखंड हाई कोर्ट के उस आदेश को सही ठहराया है, जिसमें NTPC को प्रभावित किसानों को बढ़ी दर से मुआवजा भुगतान करने का निर्देश दिया गया था।
बताया जा रहा है कि अधिग्रहित जमीन के एवज में किसानों को करीब 15,783 रुपये प्रति डिसमिल की दर से मुआवजा देने का रास्ता साफ हो गया है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद NTPC और संबंधित प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।
ग्रामीणों और विस्थापित परिवारों का कहना है कि वर्षों से वे अपनी जमीन का उचित मूल्य मांग रहे थे, लेकिन कंपनियों और प्रशासन की उदासीनता के कारण उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा था। अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद प्रभावित किसानों में खुशी का माहौल है।
किसान नेताओं ने कहा कि यह फैसला सिर्फ मुआवजे की जीत नहीं, बल्कि उन हजारों ग्रामीण परिवारों के संघर्ष की जीत है, जिनकी जमीन परियोजनाओं के नाम पर ली गई और बदले में उन्हें पर्याप्त मुआवजा नहीं मिला।
वहीं विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों ने सवाल उठाया कि आखिर किसानों को उनका हक दिलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक क्यों जाना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी कंपनियों के सामने स्थानीय लोगों की आवाज को लंबे समय तक दबाने की कोशिश की गई।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि NTPC और प्रशासन कब तक प्रभावित किसानों को भुगतान प्रक्रिया पूरी करते हैं। इलाके में इस फैसले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।