06/08/2026
दिनारा में सनसनी: योगेया में बुधवार सुबह अधेड़ मजदूर को मारी गोली, आरोपी अजीत तिवारी घायल को लेकर फरार
दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में बुधवार की सुबह गोलीबारी की एक दुस्साहसिक वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। पूर्व से काम कर चुके 60 वर्षीय वृद्ध चनेश्वर चौधरी को गोली मार दी गई है। घटना के बाद वारदात को अंजाम देने का आरोपी उन्हें अपने साथ लेकर मौके से फरार हो गया, जिससे गांव में तनाव और रहस्य का माहौल व्याप्त है।
काम के सिलसिले में पहुंचे थे घर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनिहारी टोला गांव के निवासी चनेश्वर चौधरी (लगभग 60 वर्ष) पहले जोगिया निवासी अजीत तिवारी के यहां काम करते थे। बुधवार सुबह वह किसी काम से अजीत तिवारी के घर पहुंचे थे। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उन्हें गोली मार दी गई। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
शव या घायल को गायब करने का आरोप
स्थानीय स्तर पर चर्चा और प्राथमिक आरोपों के मुताबिक, वारदात के तुरंत बाद अजीत तिवारी घायल चनेश्वर चौधरी को अपने साथ लेकर फरार हो गया। आरोपी घायल को इलाज कराने के बहाने ले गया है या साक्ष्य छुपाने की नीयत से, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
छानबीन में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही दिनारा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी और घायल वृद्ध की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।