14/06/2026
एक साल बाद रुद्रपुर पुलिस ने गुमशुदा किशोरी को मुंबई से लौटने पर सकुशल किया बरामद
देवरिया, 14 जून। रुद्रपुर थाना पुलिस ने करीब एक वर्ष से लापता चल रही एक किशोरी को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से परिवार ने राहत की सांस ली है।
पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के तहत थाना रुद्रपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नाथ बाबा मंदिर, रुद्रपुर के पास से किशोरी को बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जनपद के हाटा थाना क्षेत्र के पैकौली गांव निवासी अनिता देवी अपनी पुत्री विद्या के साथ 22 अप्रैल 2025 को किसी कार्य से रुद्रपुर के काशीपुरम कॉलोनी आई थीं। इसी दौरान उनकी पुत्री अचानक लापता हो गई। मामले में रुद्रपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। बरामदगी में विलंब होने पर विवेचना एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) को स्थानांतरित कर दी गई थी।
लगातार तलाश और सुरागरसी के बाद रविवार को पुलिस टीम ने किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह अपनी मां से नाराज होकर अपने एक परिचित युवक के साथ चली गई थी और पिछले लगभग एक वर्ष से मुंबई में रह रही थी।
पुलिस ने बताया कि किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है तथा नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अंकित यादव, आरक्षी राजेश यादव एवं महिला आरक्षी वंदना यादव शामिल रहे।