22/08/2026
लोकतंत्र की सफलता जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों पर निर्भर : प्रो. राका शर्मा
फायर न्यूज, थुरल, 22 अगस्त। महाराजा संसार चंद स्मारक राजकीय महाविद्यालय थुरल में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया तथा मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें करीब 70 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. राका शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की सफलता जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिकों पर निर्भर करती है। मतदान केवल नागरिक का अधिकार ही नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है। युवा वर्ग देश का भविष्य है, इसलिए विद्यार्थियों में निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता अधिकारों की समझ विकसित करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग देश में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण, मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन आयोग की भूमिका तथा मताधिकार के विवेकपूर्ण प्रयोग की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक मतदाता बनने तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में रिया और अमिता ने संयुक्त रूप से प्रथम, मुस्कान और तमन्ना ने द्वितीय तथा नितिन और संदीप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में भारतीय लोकतंत्र, संविधान, निर्वाचन आयोग, मतदाता अधिकार, चुनाव प्रक्रिया और नागरिक कर्तव्यों से संबंधित प्रश्न पूछे गए।
भाषण प्रतियोगिता में तनु ने प्रथम, रिया ने द्वितीय तथा मुस्कान और दीक्षा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने लोकतंत्र में मतदान की भूमिका, युवा मतदाताओं की जिम्मेदारी, निष्पक्ष चुनाव और एक वोट की शक्ति जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी प्रो. पवन राणा, प्रो. कमल कुमार, प्रो. लेख राम नेगी, डॉ. अमित शर्मा, डॉ. विशाल, डॉ. संजीव शर्मा, डॉ. शिशुपाल, प्रो. अजय तथा प्रो. कुशल सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।