01/08/2026
🚨 देहरादून में दर्दनाक हादसा: खुले नाले में बहने से 21 वर्षीय अमित सेमवाल की मौत
देहरादून। राजधानी देहरादून के माजरा (पटेलनगर) क्षेत्र में शनिवार को भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सड़क पर जलभराव और नाले पर स्लैब (कवर) न होने के कारण 21 वर्षीय युवक अमित सेमवाल नाले में गिरकर बह गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, अमित सेमवाल (21), पुत्र रामेश्वर प्रसाद, निवासी माजरा, पटेलनगर, सेंट ज्यूड स्कूल की कैंटीन में कार्यरत था। वह रोज़ की तरह शाम करीब 7 बजे ड्यूटी खत्म कर पैदल अपने घर के लिए निकला था। इसी दौरान तेज बारिश से सड़क पर भारी जलभराव हो गया। जलभराव के बीच खुले नाले का अंदाज़ा न लग पाने के कारण वह उसमें गिर गया और तेज बहाव में बह गया।
देर रात करीब 12:45 बजे सूचना मिलने पर पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद माजरा क्षेत्र में सड़क किनारे नाले से युवक का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह घटना एक बार फिर शहर में मानसून के दौरान जलभराव और खुले नालों की गंभीर समस्या को उजागर करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नाले पर स्लैब होता या पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होती, तो शायद इस हादसे को टाला जा सकता था।
🕯️ ‘खबर पहाड़ की’ दिवंगत अमित सेमवाल को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है।
आपकी राय: क्या मानसून से पहले खुले नालों को ढकने और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने में प्रशासन को और गंभीरता दिखानी चाहिए? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें।
खबर पहाड़ की | सबसे पहले, सबसे तेज़