17/01/2026
गिड़ा की लीला कंवर का सीआईएसएफ में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर। दिवा पंचायत न्यूज नेटवर्क। बालोतरा। जिले की गिड़ा तहसील क्षेत्र की भोमोणियों की ढाणी निवासी लीला कंवर पुत्री पूनम सिंह चौहान का केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में चयन होने से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। लीला कंवर की इस उपलब्धि पर परिवारजनों, रिश्तेदारों एवं ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। लीला कंवर शुरू से ही मेहनती, अनुशासित एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता हासिल की। सीआईएसएफ जैसी प्रतिष्ठित केंद्रीय सुरक्षा बल में चयन होना न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। लीला की सफलता से क्षेत्र की अन्य बालिकाओं को भी आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी। परिवारजनों ने बताया कि लीला ने पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस पर भी विशेष ध्यान दिया और निरंतर अभ्यास के माध्यम से चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया और लीला के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। क्षेत्रवासियों ने कहा कि लीला की यह सफलता बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण का मजबूत उदाहरण है।