22/04/2025
कुशीनगर को मिला नया जिलाधिकारी, महेंद्र सिंह तंवर ने संभाली कमान
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए महेंद्र सिंह तंवर को कुशीनगर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है। अब तक जिलाधिकारी रहे विशाल भारद्वाज को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है। महेंद्र सिंह तंवर 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और पिछले दो वर्षों से संतकबीरनगर में डीएम के पद पर कार्यरत थे।
इससे पहले वे गोरखपुर विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष और गाजियाबाद नगर निगम में नगर आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। बहराइच और एटा में उन्होंने संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में और शाहजहांपुर में मुख्य विकास अधिकारी के तौर पर भी सेवा दी है।
हरियाणा के रोहतक जिले से ताल्लुक रखने वाले तंवर ने बीटेक की पढ़ाई फैशन और परिधान इंजीनियरिंग में की है। वे 2009 में टीआईटी एंड एस कॉलेज भिवानी से स्नातक हुए। सिविल सेवा में आने से पहले उन्होंने निजी क्षेत्र में भी दो साल तक काम किया। उनके पिता ओम प्रकाश सिंह तंवर भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं।
महेंद्र सिंह तंवर की शुरुआती शिक्षा कहनौर के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में हुई, जबकि 12वीं की पढ़ाई उन्होंने बाल भवन पब्लिक स्कूल, भिवानी से पूरी की। प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ उन्हें कविता लेखन में भी गहरी रुचि है।