08/12/2025
शाहजहांपुर। शहर की साहित्यिक संस्था 'तुलसी मीर फाउंडेशन' के तत्वावधान में शायर इशरत सगीर के ग़ज़ल एवं रुबाइयों के काव्य संग्रह 'जागती आँखों का ख़्वाब' का विमोचन संपन्न हुआ।
बीती शाम टाउन हाल स्थिति प्रेस क्लब में आयोजित विमोचन समारोह में दीपप्रज्ज्वलन के उपरांत अतिथियों का माल्यार्पण व शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया गया, जिसके बाद पुस्तक का विमोचन किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रोफ़ेसर जी०ए० क़ादरी ने अपने वक्तव्य में इशरत सग़ीर के साहित्यिक सफ़र में नित नये आयाम स्थापित करने की दुआ दी। उन्होंने यह भी कहा कि इशरत सग़ीर न सिर्फ़ अच्छे शायर हैं बल्कि एक बाकमाल समीक्षक और आलोचक भी हैं।उनके लिखे समीक्षात्मक लेख प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित होते आये हैं।
विशिष्ट अतिथि अशफ़ाक़ उल्लाह ख़ान ने इशरत सग़ीर को बधाई देते हुए कहा कि इशरत सग़ीर का यह काव्य संग्रह उनकी बेहतरीन शायरी का प्रमाण है। हम अक्सर उन्हें मुशायरों में सुनते रहते हैं मगर किताब के रूप में अब उनकी काव्य रचनाएं उपलब्ध होने के बाद उन्हें पढ़ा भी जायेगा। यह शाहजहांपुर की साहित्यिक परंपरा को पुष्ट करने वाली बात है।
कवि ज्ञानेन्द्र मोहन 'ज्ञान' ने अपने अध्यक्षीय सम्बोधन मे कहा कि इशरत सगीर ने अब तक जो पढ़ा, सुना और देखा है, उसे ग़ज़ल और रुबाइयों में उतारने का हुनर उनमें है. और इसी हुनर के ज़रिए उन्होंने शायरी के क्षेत्र में अपनी ख़ास पहचान बनाई है। उनका ये काव्य संग्रह 'जागती आँखों का ख़्वाब' इस बात का प्रमाण है।
इसके अतिरिक्त इस्लामियाँ इंटर कालेज के प्रधानाचार्य मो0 अय्यूब, डा. जावेद अहमद, डा. सुरेश मिश्रा, शिवाजी गुप्त, पीयूष शर्मा, परवेज़ आमिर साग़री,सुमीत पाठक,विकास सोनी 'ऋतुराज' ने समारोह को सम्बोधित करते हुए इशरत सगीर को शुभकामनाएँ प्रेषित की।
इस अवसर पर वरिष्ठ शायर असगर यासिर, हमीद खिज़र, सैय्यद शारिक़ अक्स, फहीम बिस्मिल, ख़लीक़ शौक़,आरिफ़ अलवी,अतीक़ रहमान,शाहीना ख़ातून,अफ़ज़ाल वारसी,अजय सक्सेना,रिज़वान सग़ीर आदि ने इशरत सगीर को शॉल ओढ़ाकर बुके व उपहार भेंटकर इन्हें बधाई दी।
शायर इशरत सगीर के पिता सग़ीर अली ने सभी अतिथियों को स्मृतिचिह्न प्रदान किए।
समारोह में उत्तरप्रदेश जर्नालिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आरिफ़ सिद्दीकी, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष कुलदीप दीपक, जनमन न्यूज़ के बलराम शर्मा, अजय अवस्थी, आतिश मुरादाबादी, राजीव सिंह, सरोज मिश्र, अभिषेक अधीर, रितेश सिंह राहिल,अजीमुद्दीन, ताजुद्दीन, मोहम्मद चांद,चित्रकार तौक़ीर क़मर,अमित देव सहित काफ़ी संख्या में पत्रकार, कवि एवं शायर उपस्थित रहे।
समारोह का संचालन फाउंडेशन के अध्यक्ष पीयूष शर्मा ने किया। अंत में शायर इशरत सगीर ने सभी उपस्थित जनों के प्रति आभार ज्ञापित किया।