18/02/2026
एक कहावत है आसमान से गिरे तो खजूर पर अटके। अभिषेक,ईशान,तिलक और स्काई को निपटा तो दिए लेकिन नीदरलैंड के गेंदबाज का पाला टीम इंडिया के लंबू से पड़ गया। नीदरलैंड टीम इंडिया के विस्फोटक लेफ्ट हैंडर ईशान किशन और अभिषेक शर्मा से तो बच गया लेकिन उसे क्या पता था कि शिवम दुबे इनसे भी ज्यादा खतरनाक साबित हो सकते हैं।
नीदरलैंड के खिलाफ जिस पिच पर टीम इंडिया के अन्य बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने में बहुत परेशानी हो रही थी उसी पिच पर शिवम दुबे ने बेहद आसानी से लंबे लंबे छक्के लगाकर साबित किया कि वह ऐसी दवाई हैं जो तब काम आते हैं जब फर्स्ट लाइन मेडिसिन फेल हो जाया करती हैं। शिवम दुबे ने पहले कप्तान सूर्या के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी की फिर अंत में हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर टीम इंडिया के लिए तूफानी फिनिश किया।
शिवम दुबे ने अपने बल्ले से बेहद तूफानी पारी खेली और टीम इंडिया को ऐसे स्कोर तक पहुंचाया जिसे मैच विनिंग कहा जा सकता है। अहमदाबाद के नरेंद मोदी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 193 रन बनाए। शिवम दुबे ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 31 गेंदों पर ही 4 चौकों और 6 गगनचुंबी छक्कों की सहायता से 66 रन बनाए। सुपर 8 से पहले शिवम दुबे का यह फॉर्म टीम इण्डिया के लिए सुखद अहसास है।