09/03/2020
रेडक्रॉस की योजनाओं से रूबरू कराने को विशेष बस घूमी गुरुग्राम में
-गुरुग्राम के कई महत्वपूर्ण इलाकों में घूमी यह विशेष बस
-लघु सचिवालय से एसडीएम ने झंडी दिखाकर किया रवाना
गुरुग्राम। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में तथा उपायुक्त अमित खत्री के निर्देशों पर समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा सोमवार को शहर में एक विशेष बस के माध्यम से लोगों को रेडक्रॉस की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरुक किया गया। इस बस को एसडीएम जितेंद्र कुमार ने लघु सचिवालय से रवाना किया।
इससे पूर्व अपने संबोधन में एसडीएम जितेंद्र कुमार ने कहा कि समाज की सेवा में रेडक्रॉस सदा अग्रणी रहता है। रक्तदान शिविर, जांच शिविर और दिव्यांगों के लिए व्यापक पैमाने पर यह संस्था काम करती है। किसी भी शहर में रेडक्रॉस को जनसेवा के क्षेत्र में रीढ़ की हड्डी कहा जा सकता है। उन्होंने संस्था के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि उनका काम बेहतरीन होता है। साथ ही उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस का यह प्रयास भी सराहनीय है कि योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इस विशेष बस को शुरू किया गया है।
रेडक्रॉस सचिव महेश गुप्ता ने इस मौके पर बताया कि रेडक्रॉस की स्थापना वर्ष 1920 में हुई थी। इस लिहाज से रेडक्रॉस की ओर से शताब्दी वर्ष के रूप में 2020 मनाया जा रहा है। यह जागरुकता बस भी इसी कार्यक्रम का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि बस को 28 फरवरी 2020 को हरियाणा के माननीय राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने रवाना किया था। प्रदेश में अलग-अलग बसें चलाई गई हैं। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम शहर में लघु सचिवालय से रवाना होकर यह बस वर्किंग वूमेन हॉस्टल, आईटीआई, न्यू रेलवे रोड, रेलवे स्टेशन, श्रीशीतला माता मंदिर, इफको चौक से होते हुए रेडक्रॉस भवन पहुंची। यहां पर प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों को भी जागरुक किया गया। सभी स्थानों पर लोगों को कल्याणकारी योजनाओं से रूबरू कराया। बस के साथ रेडक्रॉस स्टाफ में सुरेश गुप्ता, अतुल पराशर, कविता सरकार, विक्रम भटनागर, हरीचंद, सरोज, लखन आदि द्वारा लोगों को जानकारी दी गई। माता मंदिर में अधिकारी यज्ञदत्त शर्मा, अधीक्षक दयाचंद, आईटीआई में प्राचार्य राजपाल मोर और रेलवे स्टेशन पर अधीक्षक सुनील सचदेवा ने रेडक्रॉस के इस प्रयास की सराहना की।