23/08/2022
बीसलपुर डेम में करीब 60 हजार क्यूसेक प्रति घण्टे की आवक,बेड़च, मैनाली, कोठारी, खारी , डाई नदियों से भी आवक जारी, दोपहर 12 बजे डेम का जलस्तर 313.85 मीटर पहुँचा, करीब चार साल के अंतराल के बाद अब फिर बीसलपुर डेम की रंगत नजर आने के पूरे आसार है। मंगलवार सुबह 10 बजे डेम का जलस्तर 313.75 पहुँच गया और उम्मीद है शाम तक डेम 314 मीटर के आंकड़े को छूकर आगे के बिंदु 315 मीटर की और तेजी से सफर करेगा। दोपहर 12 बजे बीसलपुर डेम ने 313.85 मीटर के आंकड़े को छू लिया है।
बीती रात 10 बजे ही गम्भीरी, मातृ कुंडिया, जैतपुरा, गोवटा से हो रही जलावक से त्रिवेणी का गेज 4.90 मीटर से बढ़ना शुरू हुआ और मंगलवार सुबह 7 मीटर, 10 बजे साढ़े 7 मीटर तक पहुँच गया, जो इस सीजन की त्रिवेणी पर सबसे बड़ी आवक है। ये नजारा लगभग 2004 जैसा ही है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक बीगोद की त्रिवेणी पुरानी पुलिया पर 4 फीट पानी का प्रवाह जारी है, जबकि चित्तौड़गढ़ में बेड़च नदी में 15 फीट, मैनाली में 4 फीट, भीलवाड़ा से आरही कोठारी नदी में 3 फीट पानी का जलप्रवाह चल रहा है। मंगलवार दोपहर 12 बजे त्रिवेणी पर आधा मीटर गेज कम होकर 7 मीटर रह गया है।इधर, विजयनगर, गुलाबपुरा से आने वाली खारी नदी में डेढ़ फीट, सरवाड़ से आने वाली डाई नदी में करीब सवा तीन फीट का जलप्रवाह आ रहा है। त्रिवेणी से आरहा जलप्रवाह अब 7 मीटर रह गया है, इसके चलते डेम में करीब एक घण्टे में 4 सेमी पानी का जलसंग्रहण होरहा है, अनुमान है कि आज शाम तक बीसलपुर डेम 314 के आंकड़े को पार कर लेगा। वर्तमान में गम्भीरी डेम से 42 हजार क्यूसेक, पानी बनास नदी में आरहा है, वही त्रिवेणी से करीब 60 हजार क्यूसेक प्रति घण्टे पानी की आवक हो रही है। खारी, डाई, कोठारी नदियों के आंकड़े अलग है। उल्लेखनीय है गम्भीरी डेम, जैतपुरा, गोवटा, मातृ कुंडिया डेम के गेट मंगलवार को भी खुले हुए है।